स्वामी शंकरानन्द सरस्वती के 70वें जन्मदिवस पर लगा रक्तदान शिविर

8

रक्तदाताओं को उपहार व प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आयुर्वेदाचार्य डॉ. स्वामी शंकरानन्द सरस्वती महाराज के 70वें जन्मदिवस के अवसर पर उपमंडल के गांव सरनाखेड़ी स्थित भक्ति योग आश्रम में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेदाचार्य डॉ. स्वामी शंकरानन्द सरस्वती महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके साथ साध्वी मोक्षिता और साध्वी अराधिका भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम के मुख्यातिथि समाजसेवी एवं शिक्षाविद् नरेश सिंह बराड़ रहे, जबकि शिविर का संयोजन समाजसेवी श्यामलाल स्वामी ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे और रक्तदान कर इस सामाजिक एवं मानवीय कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। शिविर की खास बात यह रही कि आश्रम की साध्वी अराधिका ने भी स्वयं रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले लोगों को समाजसेवी एवं शिक्षाविद् नरेश सिंह बराड़ ने अपनी ओर से उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वहीं आयुर्वेदाचार्य डॉ. स्वामी शंकरानन्द सरस्वती महाराज ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गण्यमान्य लोगों ने भक्ति योग आश्रम पहुंचकर स्वामी शंकरानन्द सरस्वती महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। शिविर के पूर्व सुबह भगवान का अभिषेक, पूजन व यज्ञ किया गया। वहीं सायं को भजन-कीर्तन व भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। स्वस्थ लोगों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। ऐसे शिविर लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Loading