बवानीखेड़ा में ट्रक की टक्कर से ड्यूटी पर लौट रहा सिपाही घायल, हिसार में दो ऑपरेशन हुए

2
Bhiwani News

भिवानी जिले के बवानीखेड़ा में स्कूल के पास ट्रक की टक्कर से पुलिस राइडर बाइक चला रहा सिपाही अनिल कुमार घायल हो गया। हादसे के समय वह एसपीओ रविकांत के साथ डायल-112 की कॉल अटेंड करके लौट रहा था। घायल का हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव पेटवाड़ निवासी अनिल कुमार ने बवानीखेड़ा थाने में दी शिकायत में बताया कि वह हरियाणा पुलिस में सिपाही है और थाने में राइडर पर कार्यरत है। ड्यूटी के दौरान वह एसपीओ रविकांत के साथ गांव जाटू लोहारी गया था। वहां डायल-112 की कॉल अटेंड करने के बाद दोनों बवानीखेड़ा लौट रहे थे।

अनिल के अनुसार, बाइक वह चला रहा था। स्कूल के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। टक्कर में अनिल को गंभीर चोटें आईं और पुलिस राइडर बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद एसपीओ रविकांत घायल सिपाही को बवानीखेड़ा के अस्पताल ले गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे भिवानी के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज हिसार के निजी अस्पताल में चल रहा है।

एसपीओ रविकांत ने बताया कि अनिल के दो ऑपरेशन हो चुके हैं और तीसरा ऑपरेशन होना बाकी है। पुलिस ने सिपाही की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। हादसे के घटनाक्रम और चालक पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Loading