भिवानी। गांव देवसर स्थित देवसर धाम माता मंदिर में नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंदिर के पुजारी कंवर पाल के अनुसार, शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हुए हैं और 20 अक्टूबर तक चलेंगे। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान दूर-दराज से श्रद्धालु माता के दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां पूजा-अर्चना करने से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुजारी के मुताबिक, कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 88 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहकर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। मंदिर की ओर आने वाले रास्तों पर भी पुलिस की नाकाबंदी की गई है।
मंगलवार को सदर थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने मंदिर परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नवरात्रि के प्रमुख दिनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित स्टेडियम में वाहनों और यातायात की व्यवस्था की गई है। वहां से मंदिर तक आने के लिए श्रद्धालुओं को ऑटो की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर का इंतजाम भी किया गया है। गांव के युवा स्वयंसेवक के रूप में सहयोग कर रहे हैं। रेडक्रॉस और प्रशासन भी व्यवस्थाओं में भागीदारी निभा रहे हैं।
पुजारियों के अनुसार, देवसर धाम का इतिहास लगभग 733 वर्ष पुराना माना जाता है। मंदिर की स्थापना से जुड़ी स्थानीय मान्यता में एक बंजारे द्वारा पहाड़ी से मां दुर्गा की मूर्ति निकालकर स्थापित करने का उल्लेख मिलता है। लंबे समय से यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
![]()











