30.20 ग्राम चिट्टा समेत दो आरोपी गिरफ्तार

3
Chitta Seized
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टाफ सफीदों ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30.20 ग्राम चिट्टा (स्मैक) सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू उर्फ तरुण और सोनू, निवासी गांव सिंघाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सदर सफीदों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए स्टाफ सफीदों के प्रभारी उपनिरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं जांच के दौरान बस अड्डा शीलाखेड़ी के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव सिंघाणा के रामपुरा रोड पर एक गाड़ी खड़ी है, जिसमें मोनू और सोनू बैठे हुए हैं। मुखबिर ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी नशीला पदार्थ बेचने का काम करते हैं और यदि तत्काल कार्रवाई की जाए तो उन्हें मौके पर ही काबू किया जा सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीआईए टीम तुरंत रामपुरा रोड की ओर रवाना हुई। पुलिस टीम को देखकर गाड़ी में बैठे दोनों युवकों ने वहां से भागने का प्रयास किया। उन्होंने गाड़ी स्टार्ट कर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अपनी गाड़ी को आरोपियों की गाड़ी के आगे खड़ा कर दिया और दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम मोनू और सोनू निवासी गांव सिंघाणा बताया। इसके बाद नियमानुसार गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी से कुल 30.20 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीआईए प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सफीदों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ आरोपियों के पास कहां से आया था तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Loading