सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय महाविद्यालय सफीदों में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू), जींद की योग पुरुष टीम के चयन के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। चयन प्रक्रिया में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और योग की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा एवं दक्षता का प्रदर्शन किया। ट्रायल का आयोजन राजकीय महाविद्यालय सफीदों की प्राचार्य डॉ. सविता पूनिया की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर सीआरएसयू के असिस्टेंट डायरेक्टर स्पोर्ट्स एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी नीरज देशवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के समक्ष योग की विभिन्न गतिविधियों में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और दक्षता का मूल्यांकन करते हुए विश्वविद्यालय की योग पुरुष टीम के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन किया। ट्रायल में राजकीय महाविद्यालय जींद, राजकीय महाविद्यालय जुलाना, राजकीय महाविद्यालय सफीदों सहित सीआरएसयू से संबद्ध अन्य महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्राचार्य डॉ. सविता पूनिया ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. सरला सहरावत, विनीत खटकड़, डॉ. जसबीर पूनिया, डॉ. अशोक संधू, डॉ. अनिल शर्मा, संदीप सिंह, डॉ. सुनील देवी, भावना, विजेंद्र रेढू, रीनू देवी, डा. जयविंदर शास्त्री, डॉ. मंजू देवी व रुचि भारद्वाज विशेष रूप से मौजूद रहे।
![]()











