हरियाणा नंबर की कार में धमाका: गुरुग्राम से पकड़ा गया मालिक, बोला—डेढ़ साल पहले बेची थी गाड़ी

58
Delhi car blast
Delhi car blast

लाल किले के पास खड़ी कार में हुआ ब्लास्ट

दिल्ली में लाल किले के पास खड़ी हरियाणा नंबर की कार में हुए ब्लास्ट मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस की टीम ने वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर गुरुग्राम से कार के पुराने मालिक को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि यह कार उसने करीब डेढ़ साल पहले सिंफनी नामक एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बेच दी थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गाड़ी अब किसके पास थी और इसे ब्लास्ट के लिए कैसे इस्तेमाल किया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धमाका सोमवार शाम को हुआ था जब कार फोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी थी। विस्फोट में पास की दो गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच और NIA की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने कार से जले हुए हिस्सों और संदिग्ध अवशेषों को जांच के लिए जब्त कर लिया है।

जांच के दौरान सामने आया कि कार हरियाणा के फरीदाबाद आरटीओ में रजिस्टर्ड थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि धमाका किसी स्थानीय विस्फोटक सामग्री से हुआ या इसमें बाहरी तत्वों की संलिप्तता थी, यह फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और हरियाणा के बॉर्डरों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत साझा करें।

 

Loading