फरीदाबाद में 19 वर्षीय बीसीए छात्रा पर घर में घुसकर हमला करने का दावा पुलिस जांच में गलत पाया गया है। पुलिस के अनुसार छात्रा ने खुद को चोट पहुंचाने के बाद परिवार को नकाबपोश युवक के हमले की बात बताई थी। जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे समझाया और भविष्य में ऐसी घटना की गलत जानकारी नहीं देने की हिदायत दी।
बुढ़ैना गांव में रहने वाली छात्रा मूल रूप से ओडिशा की है। वह एक निजी कॉलेज में बीसीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है और करीब तीन महीने पहले फरीदाबाद आई थी। यहां वह अपने पिता के साथ रह रही थी। उसके पिता एक दुकान पर काम करते हैं।
पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर को छात्रा ने परिवार को बताया कि घर में पढ़ाई करते समय चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवक अंदर आया और हमला करके भाग गया। चोट लगने की जानकारी मिलने पर पिता उसे सरकारी अस्पताल ले गए। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और परिवार ने उसे बुआ के घर पहुंचाया।
खेड़ीपुल थाना क्षेत्र की पुलिस ने छात्रा के बताए समय और घटनाक्रम के आधार पर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, लेकिन बताए गए समय पर किसी संदिग्ध व्यक्ति के घर में प्रवेश की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके बयान और उपलब्ध रिकॉर्ड का दोबारा मिलान किया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में छात्रा के खुद को चोट पहुंचाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार वह बाहर किसी संस्थान में कोचिंग लेना चाहती थी, जबकि परिवार की आर्थिक स्थिति के कारण इसकी व्यवस्था करना कठिन था। उसे लगा कि घर में हमले की बात बताने से परिवार बाहर कोचिंग भेजने के लिए राजी हो जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अज्ञात युवक के घर में घुसकर हमला करने की बात जांच में गलत मिली। पुलिस ने छात्रा को समझाकर भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं दोहराने की हिदायत दी है। मामले में किसी बाहरी हमलावर की पुष्टि नहीं हुई है।
![]()











