होटल में 35 वर्षीय युवती का शव मिला, साथ आया युवक कमरे से लापता; पुलिस तलाश में जुटी

15
Faridabad News

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में एक होटल के कमरे में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती शनिवार को एक युवक के साथ होटल में आई थी और कमरा नंबर 201 में ठहरी हुई थी। देर रात होटल के कर्मचारी ने कमरे में युवती को बेड पर मृत अवस्था में देखा, जबकि उसके साथ आया युवक मौके से गायब था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, युवती और युवक शनिवार को होटल पहुंचे थे। दोनों को कमरा नंबर 201 दिया गया था। बताया गया है कि दिनभर दोनों कमरे में ही रहे और दोपहर में खाना भी खाया था। देर रात होटल का एक कर्मचारी संबंधित मंजिल पर पहुंचा तो उसे कमरे का दरवाजा खुला दिखाई दिया।

कर्मचारी ने अंदर जाकर देखा तो युवती बेड पर पड़ी हुई थी और उसमें कोई हलचल नहीं थी। यह देखकर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर होटल मैनेजर और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर युवती को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान बिहार के खड़गपुर की रहने वाली 35 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, युवती के साथ होटल में आया युवक शेखर भी बिहार का रहने वाला बताया गया है। घटना के बाद से वह लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।

Loading