प्रदूषण रोकने के लिए 5 से 20 नवंबर तक सख्त पाबंदियां, दफ्तरों में 50% स्टाफ को ही बुलाने का आदेश

6
Delhi NCR Pollution

दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों की शुरुआत से पहले ही वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने विशेष एहतियाती कदम उठाए हैं। आयोग ने 5 नवंबर से 20 नवंबर तक विशेष पाबंदियां लागू करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत दिल्ली सहित हरियाणा और उत्तर प्रदेश के एनसीआर क्षेत्र में आने वाले पांच प्रमुख जिलों के सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया है। बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के जरिए काम करने को कहा गया है।

आदेश के अनुसार, पूरे एनसीआर में धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ (डिमोलिशन) से जुड़े कार्यों पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसका उद्देश्य निर्माण गतिविधियों से फैलने वाले धूल के प्रदूषण को नियंत्रित करना और हवा की गुणवत्ता को बिगड़ने से रोकना है।

शुक्रवार देर शाम जारी आदेश में आयोग ने 2018 से 2025 तक के प्रदूषण संबंधी आंकड़ों का हवाला दिया है। इन आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, नवंबर के शुरुआती और मध्य सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में अचानक गिरावट आने की आशंका रहती है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए आयोग ने पहले से एहतियाती प्रतिबंध लागू करने का फैसला लिया है।

वहीं, गुरुग्राम में गुलाबी ठंड की शुरुआत के साथ ही सुबह के समय हल्की स्मॉग दिखाई देने लगी है। हालांकि, फिलहाल प्रदूषण निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का स्तर सामान्य बना हुआ है। इसके बावजूद आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

Loading