गुरुग्राम के ओल्ड सेक्टर-5 इलाके में शुक्रवार देर रात कुछ युवकों ने क्रेटा कार में सवार होकर सड़क पर जमकर हुड़दंग किया। आरोप है कि युवक तेज आवाज में गाने बजाते हुए कार लेकर घूम रहे थे। इस दौरान कुछ युवक कार की सनरूफ से बाहर निकलकर छत पर बैठ गए और सड़क पर चल रहे दूसरे वाहनों को डराने लगे। युवकों की इस हरकत से सड़क पर चल रहे लोगों में असहजता का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि हुड़दंग के दौरान युवकों ने एक कार में सवार महिला और उसके दो बच्चों के साथ भी बदतमीजी की। युवकों के व्यवहार से परेशान परिवार के लोग अपनी कार से बाहर निकले और लाठियां लेकर उनका सामना किया। इसके बाद परिवार के लोगों ने युवकों को वहां से खदेड़ दिया।
घटना के बाद मामले को लेकर सेक्टर-5 थाने में लिखित शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए क्रेटा कार और उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस युवकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
![]()











