इलेक्ट्रिक बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर, 18 वर्षीय रेहान की मौत; चाचा गंभीर

6
Panipat Accident

पानीपत के गोयला खेड़ा के पास शनिवार दोपहर इलेक्ट्रिक बस और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। बाइक पर चाचा अजरूद्दीन (29) और उनका भतीजा रेहान (18) सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गोयला खेड़ा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही इलेक्ट्रिक बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, बस चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना में 18 वर्षीय रेहान की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा अजरूद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों गोयला खुर्द गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया है। वहीं, फरार बस चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Loading