चाकू की नोक पर दुकानदार से 50 हजार और मोबाइल लूटे, चार्जर खरीदने के बहाने घुसे थे बदमाश; तीन गिरफ्तार

1
Gurugram Robbery

गुरुग्राम की शीतला कॉलोनी में सीएससी सेंटर और मनी ट्रांसफर की दुकान पर लूट की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने चार्जर खरीदने के बहाने दुकान में प्रवेश किया और दुकानदार का मुंह दबाकर उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद बदमाश दुकान से 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा निवासी और वर्तमान में भवानी एनक्लेव, बसई में रहने वाले आशीष बघेल (22), हाथरस निवासी अमर कुमार (21) और दिलावाली निवासी विमल कुमार (31) के रूप में हुई है।

चार्जर देखने के बहाने पहुंचे थे आरोपी

पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे दो युवक उसकी दुकान पर आए थे। उन्होंने मोबाइल का चार्जर दिखाने के लिए कहा। कुछ देर तक चार्जर देखने के बाद दोनों बिना खरीदारी किए दुकान से चले गए।

हालांकि, कुछ ही समय बाद दोनों युवक दोबारा दुकान के अंदर दाखिल हुए और फिर से चार्जर मांगने लगे। इसी दौरान उन्होंने दुकानदार को काबू कर उसका मुंह दबा लिया और गर्दन पर चाकू रखकर धमकाया। इसके बाद आरोपी दुकान में रखे 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Loading