स्कूल की सहपाठी को विदेश भेजने के नाम पर लगा दिया 25 लाख का चूना, मामला दर्ज

3
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव निमनाबाद की एक लड़की को विदेश भेजने के नाम पर उसके ही सहपाठी ने 25 लाख रुपए का चूना लगा दिया। सफीदों सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में निमनाबाद गांव की लवप्रीत कौर ने कहा है कि उसकी बेटी 8 साल पहले सफीदों के एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। उसके साथ प्रभजोत सिंह नामक एक छात्र भी पढ़ता था। महिला के अनुसार 2025 में प्रभजोत ने इंस्टाग्राम से उसकी बेटी से बात की और कहा कि उसने विदेश भेजने के लिए एजेंट का काम शुरू कर दिया है। उसने कहा कि उसने बहुत से बच्चों को विदेश भेजा है। अगर उसे भी विदेश जाना हो तो वह उसे विदेश भेज देगा। महिला के अनुसार उसकी बेटी विदेश जाने को तैयार हो गई और उसने प्रभजोत सिंह से अपने कागजात तैयार करवाए। प्रभजोत सिंह ने 25 लाख रुपए मांगे और उसकी बेटी का पासपोर्ट भी ले लिया। इस 25 लाख रुपए में से अधिकांश पैसे यूपीआई ट्रांजैक्शन के माध्यम से भेजे गए जबकि कुछ पैसे कैश भी दिए गए। महिला ने बताया कि उसके बाद एक दिन उसने कहा कि दिल्ली आ जाओ आज आपकी फ्लाइट है। जब वह दिल्ली पहुंचे तो उसके बाद उसने फोन नहीं उठाया और उन्हें गुरुद्वारे में रुकना पड़ा। इसके बाद उनकी कई बार पंचायतें भी हुई। पंचायत में प्रभजोत कभी नहीं आया उसके पिता ही पंचायत में आते रहे। प्रभजोत अब न तो उनके पैसे वापस दे रहा है और न ही वह उसे विदेश भेज रहा है। आरोपी ने उनके फोन उठाने बंद कर दिए हैं और जान से मारने की धमकी दी है। सफीदों सदर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर प्रभजोत के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading