इटली की डिजाइनर ने गुरुग्राम में दर्ज कराई ठगी की शिकायत, शादी का भरोसा देकर पैसे लेने का आरोप

3
Gurugram News

इटली की ज्वैलरी डिजाइनर डेनिएला ने गुरुग्राम के एक युवक पर शादी का भरोसा देकर आर्थिक और भावनात्मक रूप से ठगने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर गुरुग्राम साइबर क्राइम वेस्ट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

डेनिएला के अनुसार, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर एक जर्मन गायिका के कमेंट सेक्शन के जरिए युवक से उनकी बातचीत शुरू हुई। उसने खुद को एआई फिल्म क्रिएटर और ज्वैलरी डिजाइनर बताया। शुरुआत में उसने उनके कारोबार के लिए मुफ्त में एआई वीडियो बनाए, जिससे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा।

महिला का आरोप है कि युवक ने बाद में साथ काम करने और शादी की बातें शुरू कर दीं। उन्होंने शिकायत में इस व्यवहार को ‘लव बॉम्बिंग’ बताया। उनके अनुसार, युवक ने भावनात्मक नजदीकी बढ़ाकर उनका भरोसा हासिल किया और फिर आर्थिक परेशानी का हवाला देकर रकम मांगने लगा।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने नौकरी छूटने की बात कही थी। महिला ने बताया कि उनके बैंक ने सीधे खाते में रकम भेजने को लेकर सावधान किया था। इसके बाद उन्होंने वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से चार अगस्त और दस सितंबर को 450-450 यूरो भेजे। कुल रकम 900 यूरो, यानी लगभग 97 हजार रुपए बताई गई है।

इसके बाद भी पैसे मांगे जाने पर डेनिएला को संदेह हुआ। उनका आरोप है कि अतिरिक्त रकम देने से इनकार करने पर युवक ने कारोबार के लिए वीडियो बनाना बंद कर दिया।

महिला ने पहले इटली की पुलिस से संपर्क किया। उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया की जटिलता बताए जाने के बाद उन्होंने गुरुग्राम साइबर क्राइम के एसीपी गौरव फोगाट से संपर्क किया और भारत आकर शिकायत दी। यात्रा, वीजा और होटल पर करीब दो लाख रुपए खर्च होने की बात उन्होंने कही है।

डेनिएला ने कहा कि शिकायत केवल पैसे वापस पाने के लिए नहीं, बल्कि भरोसा टूटने और भावनात्मक नुकसान को लेकर भी है। एसीपी गौरव फोगाट के अनुसार, पुलिस शिकायत और आरोपी के सोशल मीडिया खातों से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है।

Loading