HCS परीक्षा में गोहाना के अभिषेक सरोहा टॉपर, राहुल सैनी ने हासिल की सातवीं रैंक

2
HPSC Result

हरियाणा लोक सेवा आयोग ने एग्जीक्यूटिव ब्रांच और अन्य अलाइड सर्विसेज परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। सोनीपत जिले के गोहाना निवासी अभिषेक सरोहा ने कुल 675 में से 394.5 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। कुलदीप 392.90 अंकों के साथ दूसरे और इशा काला 388.60 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

गोहाना के सेक्टर-7 निवासी अभिषेक के पिता जगबीर सरोहा स्कूल संचालक और माता अमिता देवी शिक्षिका हैं। अभिषेक ने वर्ष 2020 में यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी। पांच बार मुख्य परीक्षा और दो बार इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद अंतिम चयन नहीं हुआ। उन्होंने तैयारी जारी रखी और रोजाना दस घंटे से अधिक पढ़ाई करके HCS परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्हें इंटरव्यू में 43 और हिंदी में 67.5 अंक मिले।

कुरुक्षेत्र के छपरा गांव निवासी राहुल सैनी ने प्रदेश में सातवीं रैंक हासिल की और बैकवर्ड क्लास श्रेणी के टॉपर बने। राहुल ने हिसार की हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से कृषि में स्नातक और गुजरात से रूरल मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री की है।

राहुल ने वर्ष 2021 में भारतीय रिजर्व बैंक में नौकरी शुरू की थी। नौकरी के साथ वह रोजाना करीब पांच घंटे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते थे। यूपीएससी के पहले प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम सूची में स्थान नहीं मिला। उन्होंने अपनी सफलता दादा स्वर्गीय हरकेश चौधरी को समर्पित करते हुए कहा कि अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना उनका सपना था।

यह भर्ती 102 पदों के लिए आयोजित की गई थी। करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया और लगभग 52 हजार प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। प्रीलिम्स 26 अप्रैल 2026 को और मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून के बीच हुई थी। मुख्य परीक्षा का परिणाम 17 सितंबर को जारी हुआ।

स्कोरकार्ड में लिखित परीक्षा के 600 और इंटरव्यू के 75 अंक शामिल हैं। इंटरव्यू में एकता ने सर्वाधिक 55 अंक प्राप्त किए। आयोग ने प्रशासनिक और वैधानिक कारणों से 20 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका है।

Loading