कैथल में सड़क पर रखा सामान हटाने पर दुकानदारों का विरोध, पुलिस और नगर परिषद ने की कार्रवाई

2
Kaithal

कैथल शहर में सड़कों से अतिक्रमण हटाने पहुंची ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। पार्क रोड, पुराना बस स्टैंड और छात्रावास रोड पर कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों की पुलिस से तीखी बहस हुई। टीम का कहना है कि पांच दिन से घोषणा कराकर सामान हटाने की अपील की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि कई दुकानों के बाहर सड़क पर करीब दस-दस फीट तक सामान रखा हुआ था। नगर परिषद कर्मचारियों ने यह सामान उठाकर ट्रॉलियों में रखना शुरू किया। इस पर कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया और ट्रॉलियों से सामान वापस उतारने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई।

इस दौरान कुछ दुकानदार फोन पर कार्रवाई रुकवाने के लिए सिफारिश करवाते भी दिखाई दिए। हालांकि, टीम ने सामान हटाने की कार्रवाई जारी रखी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर सामान रखे होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और बाजारों में जाम की स्थिति बन रही थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया।

ट्रैफिक एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस पिछले पांच दिनों से दुकानदारों को सड़क पर रखा सामान हटाने के लिए अवगत करा रही थी। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने अपील पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के संबंध में कुछ दुकानदारों की शिकायतें भी मिली थीं, जिनके आधार पर टीम ने संबंधित क्षेत्रों में कार्रवाई की।

एसएचओ ने दुकानदारों से अपना सामान दुकान की सीमा के अंदर रखने और सड़क खाली करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि जो दुकानदार खुद सामान नहीं हटाएंगे, उनका सामान टीम हटाएगी। बार-बार निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

फिलहाल पुलिस और नगर परिषद ने तीनों क्षेत्रों में सड़क पर रखा सामान हटाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों में यातायात सुचारु रखने के लिए दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देशों का पालन करना होगा।

Loading