करनाल में मुनक रोड पर हकीकत नगर क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों के बीच एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान बहादुर चंद कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय मंगलू के रूप में हुई है। उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, मंगलू शनिवार शाम करीब पांच बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने रात में आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की और परिचितों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रविवार सुबह सड़क से गुजर रहे लोगों ने झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मंगलू की भाभी ने बताया कि वह शाम को घर आया था और चाय पीने के बाद किसी काम से बाहर जाने की बात कहकर चला गया। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार की आर्थिक मदद करता था और अविवाहित था। उसके देर तक नहीं लौटने पर परिजन तलाश में जुट गए थे।
मृतक के पिता रमेश ने बताया कि परिवार ने रात में उसके दोस्तों से भी संपर्क किया था। सुबह एक दोस्त का फोन आया, जिसने सड़क किनारे मंगलू का शव पड़े होने की जानकारी दी। पिता ने उसके एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मंगलू की हत्या करके शव झाड़ियों में फेंका गया। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। सिर पर चोट के निशान मिलने के कारण एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्ट्या मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस परिजनों के बयान और शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
![]()











