कोसली में 11.57 करोड़ से बनेगा नया बस अड्डा, एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी; एक सप्ताह में काम शुरू करने का दावा

2
Kosli Bus Stand

रेवाड़ी। कोसली में सब डिपो और नए बस अड्डे के भवन का निर्माण एक सप्ताह के भीतर शुरू करने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी करके चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। परियोजना पर करीब 11.57 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रोडवेज विभाग पीडब्ल्यूडी को लगभग सात करोड़ रुपये स्थानांतरित कर चुका है।

नए बस अड्डे में छह बस बूथ, अधिकारियों के कार्यालय, बसों के ठहराव के लिए प्लेटफार्म, पार्किंग और कार्यशाला की सुविधाओं का प्रावधान है। कोसली सब डिपो के लिए 92 पद स्वीकृत किए गए हैं। यहां से करीब 50 बसों का संचालन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को दूसरे जिलों और राज्यों के रूटों पर सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक जनसभा में कोसली को सब डिपो का दर्जा देने की घोषणा की थी। इसके बाद करीब चार साल में परिवहन विभाग ने यहां वर्कशॉप बनवाई। स्थानीय लोगों ने स्थायी बस अड्डे के नए भवन की मांग भी उठाई थी।

कोसली का पुराना बस अड्डा वर्ष 1982 में बना था। भवन जर्जर होने के कारण उसे गिराकर मलबा हटा दिया गया। इसके बाद परिवहन विभाग की वर्कशॉप को अस्थायी बस अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

स्थायी भवन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कनीना, नारनौल और महेंद्रगढ़ की ओर जाने वाली कई बसें यात्रियों को ओवरब्रिज के पास उतारती हैं। रोडवेज यूनियन के प्रधान प्रवीन यादव ने कहा कि सब डिपो का निर्माण लंबे समय से लंबित है और भवन के अभाव में कई रूटों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने काम जल्द शुरू करने की मांग की।

रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा ने बताया कि निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सात करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। पीडब्ल्यूडी ने एक सप्ताह के भीतर नए भवन का निर्माण शुरू कराने की बात कही है।

Loading