हरियाणा के नारनौल में पूर्व मंत्री कैलाशचंद्र शर्मा की चलती कार में अचानक आग लग गई। सेक्टर-1 क्षेत्र में हुई घटना के दौरान कैलाशचंद्र शर्मा और उनके बेटे विकास कार में सवार थे। धुआं उठने पर दोनों तुरंत बाहर निकल गए। आग से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
पुलिस को दी शिकायत में विकास शर्मा ने बताया कि वह अपने पिता के साथ शाम करीब सात बजे शिव विहार स्थित घर से निकले थे। दोनों स्विफ्ट डिजायर कार से सेक्टर-1 में किसी परिचित से मिलने जा रहे थे। कॉलोनी में पहुंचने पर कार से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में इंजन वाले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं।
विकास के अनुसार, धुआं और आग दिखाई देने पर उन्होंने तत्काल कार से बाहर निकलकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उनके पिता भी सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। विकास ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के समय कार कौन चला रहा था, इसे लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। स्थानीय चर्चा में पूर्व मंत्री के ड्राइविंग करने की बात कही जा रही है, जबकि विकास ने पुलिस को दी शिकायत में खुद कार चलाने की जानकारी दी है।
विकास ने बताया कि कार वर्ष 2020 मॉडल की थी और उसमें कंपनी की ओर से सीएनजी फिट की गई थी। उन्होंने इंजन की वायरिंग में आग लगने की बात कही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण की तकनीकी पुष्टि सामने नहीं आई है। घटना के बाद सामने आए वीडियो में कार का डैशबोर्ड, सीटें और टायर जले हुए दिखाई दिए।
कैलाशचंद्र शर्मा वर्ष 1996 में नारनौल विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। वर्ष 1999 में ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाली सरकार में उन्हें राजस्व एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी मिली थी। उनके भाई राधेश्याम शर्मा भी वर्ष 2005 में नारनौल से निर्दलीय विधायक रहे हैं।
![]()











