हरियाणा के फतेहाबाद में गांव धांगड़ स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच गुरुवार को मारपीट हुई। कॉलेज की छुट्टी के बाद बाहर आए छात्रों में लात-घूंसे चले। घटना के वीडियो में एक युवक हाथ में दरांती लेकर दूसरे छात्र के पीछे दौड़ता दिखाई दे रहा है। कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच एक दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बस स्टैंड पर कहासुनी के बाद मामला उस समय शांत हो गया, लेकिन छात्रों के बीच तनाव बना रहा। शुरुआती विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को एक गुट के छात्र दूसरे पक्ष से दोबारा भिड़ने के लिए कॉलेज की छुट्टी का इंतजार कर रहे थे। दोपहर करीब दो बजे छात्र बाहर निकले तो हनुमान मंदिर के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद हाथापाई शुरू हो गई।
सामने आए वीडियो में कुछ छात्र एक-दूसरे को पकड़कर पीटते नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में दरांती लिए युवक एक छात्र का पीछा करता दिखाई देता है। भाग रहे छात्र के बैग पर दरांती से वार होता भी नजर आता है। पुलिस झगड़े में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है।
कॉलेज के प्रिंसिपल राजीव सरदाना ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने पुलिस को पत्र भेजकर झगड़े में शामिल छात्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सदर थाना प्रभारी सुमित कुमार के अनुसार, प्रिंसिपल की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि शिकायत में शामिल आरोपी छात्रों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच है। पुलिस शिकायत और कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पहचान कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाद की वजह और इसमें शामिल छात्रों की भूमिका की जांच जारी है।
![]()











