हरियाणा के यमुनानगर में जिम के बाहर एक युवक से मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक उसे क्रिकेट बैट और लात-मुक्कों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। खारी कुई निवासी सनी शर्मा ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस हमले और दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की जांच कर रही है।
एंबुलेंस चालक सनी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह जिम में व्यायाम करने गया था। करीब पांच बजे एक अज्ञात युवक ने बातचीत के बहाने उसे बाहर बुलाया। उसका आरोप है कि बाहर पहुंचते ही तीन गाड़ियों में आए पांच युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
सनी ने शिकायत में लाठी-डंडों और क्रिकेट बैट से मारपीट किए जाने की बात कही है। उसने आरोप लगाया कि एक हमलावर ने देसी कट्टा निकालकर गोली चलाने का प्रयास किया। हालांकि इस आरोप की पुष्टि जांच में होनी बाकी है। उसने करीब दो तोले की सोने की चेन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
मारपीट के दौरान सनी के कपड़े फट गए। वह बचने के लिए जिम के अंदर चला गया। उसके अनुसार, दरवाजे पर मौजूद युवकों ने हमलावरों को अंदर आने से रोका। सिर में चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
सनी का कहना है कि विवाद पड़ोस के बच्चों के मैदान में खेलने को लेकर शुरू हुआ था। उसने पड़ोसी आढ़ती के परिवार की एक महिला पर अपनी पत्नी से पहले मारपीट करने का आरोप लगाया। उसका दावा है कि इसी रंजिश में आढ़ती के दो बेटों और उनके साथियों ने हमला किया।
साढ़ौरा थाना प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि जिम के बाहर हमले की शिकायत मिली है। दूसरे पक्ष ने भी सनी के खिलाफ अपने परिवार की महिला से मारपीट की शिकायत दी थी। इस पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। पुलिस वीडियो और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
![]()











