देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग-2026 की क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान हरियाणवी कलाकार प्रांजल दहिया की प्रस्तुति बीच में रोक दी गई। पुलिस के मुताबिक, तय समय समाप्त होने के बावजूद तेज आवाज में संगीत बज रहा था। कई बार निर्देश देने के बाद भी साउंड बंद नहीं हुआ तो रायपुर क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा पुलिस बल के साथ मंच पर पहुंचीं और डीजे बंद कराया।
रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल मुकाबले के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की करीब एक घंटे की प्रस्तुति के बाद प्रांजल दहिया रात करीब दस बजे मंच पर पहुंचीं। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम में संगीत बंद करने का निर्धारित समय रात दस बजे था, लेकिन सवा दस बजे तक परफॉर्मेंस जारी रही।
पुलिस के अनुसार, ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने आयोजकों, साउंड ऑपरेटर और प्रांजल की टीम से संगीत बंद करने को कहा। रायपुर और रानीपोखरी थाना प्रभारियों समेत पुलिस अधिकारियों ने भी समय समाप्त होने की जानकारी दी। आरोप है कि निर्देशों के बावजूद डीजे बजता रहा।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा मौके पर पहुंचीं। साउंड बंद कराने के दौरान पुलिस और आयोजकों के बीच तीखी बहस भी हुई। पुलिसकर्मियों के मंच पर चढ़कर डांटने का आरोप सामने आया है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई की वजह निर्धारित समय के बाद संगीत जारी रहना बताया है।
संगीत बंद होने पर प्रांजल दहिया ने दर्शकों से माफी मांगी और अपनी प्रस्तुति अधूरी छोड़कर मंच से लौट गईं। कार्यक्रम के वीडियो में पुलिसकर्मी उनकी टीम से बात करते और बाद में शो रोकते दिखाई दे रहे हैं।
इससे पहले खेले गए फाइनल में देहरादून वॉरियर्स ने हरिद्वार एल्मास को 36 रन से हराया। देहरादून ने 20 ओवर में सात विकेट पर 197 रन बनाए, जबकि हरिद्वार की टीम 19.4 ओवर में 161 रन पर आउट हो गई। विजेता देहरादून टीम को वन मंत्री सुबोध उनियाल ने 25 लाख रुपए का चेक प्रदान किया।
![]()











