फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित डीग गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट हुई। पहले खेत में जुताई के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आए। इसके बाद एक पक्ष ने शाम को घर में घुसकर हमला किए जाने का आरोप लगाया है। घटना में दोनों तरफ के कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खेत में हुई मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार के दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के दौरान खेतों में काम करते समय झगड़ा हुआ।
पवन और कन्हैया का आरोप है कि वे खेत में काम कर रहे थे, तभी योगेश, अजय और उनके साथ आए अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने जमीन विवाद को लेकर मारपीट किए जाने की शिकायत की है।
दूसरी ओर, योगेश ने आरोप लगाया कि 30 सितंबर की शाम शिवकुमार, पवन, लाला, साहिल और अन्य लोग उनके घर पहुंचे। उनके मुताबिक, हमलावरों के पास लाठी-डंडे, सरिया और पिस्टल थी। आरोप है कि घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
योगेश ने बताया कि उनके पिता लक्ष्मी नारायण के पैर की हड्डियां टूट गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान उनके पैर में रॉड डाली गई और प्लास्टर किया गया। परिवार के अन्य घायल सदस्यों का भी इलाज जारी है।
योगेश ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि घर पर कथित हमले से पहले वह सदर थाने में शिकायत दे चुके थे।
सदर थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद है और दोनों की शिकायतें मिली हैं। पुलिस मारपीट के वीडियो तथा दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()











