कुरुक्षेत्र में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश का आरोप, घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती

3
Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र में बुजुर्ग महिला की बालियां छीनने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सतवीर सिंह ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, हरिद्वार से लौटते समय मथाना गांव के पास आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। दीवार से कूदने के दौरान उसके पैर में चोट लगी। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपी सतवीर उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बिलाई गांव का निवासी है। पुलिस टीम उसे और उसके साथी कर्मचंद को मामले में रिकवरी के लिए हरिद्वार लेकर गई थी। लौटते समय सतवीर ने शौचालय जाने की बात कहकर गाड़ी रुकवाई। पुलिस का कहना है कि नीचे उतारे जाने पर उसने भागने का प्रयास किया।

बालियां छीनने की घटना 21 सितंबर की शाम करीब पांच बजे न्यू शांतिनगर में हुई थी। शिकायतकर्ता बुजुर्ग महिला घर से घूमने निकली थी। वापस लौटकर घर में प्रवेश करने से पहले स्कूटी सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। एक युवक ने आसपास नया मकान बनने के बारे में पूछा।

महिला ने जानकारी नहीं होने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसके कानों से दोनों बालियां छीन लीं। इसके बाद दोनों स्कूटी पर बैठकर फरार हो गए। महिला की शिकायत पर थाना केयूके में मामला दर्ज किया गया और जांच सीआईए-1 को सौंपी गई।

सीआईए-1 की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सूचना के आधार पर 27 सितंबर को सतवीर तथा उसके साथी कर्मचंद को गिरफ्तार किया। कर्मचंद उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भौरी क्षेत्र का निवासी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। अदालत के आदेश पर आरोपियों को रिमांड पर लिया गया था।

पुलिस के अनुसार, कर्मचंद के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 30 मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं। सतवीर के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

Loading