सिरसा में मां-बेटी की मौत मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एएसपी से मिले परिजन

3
Sirsa News

सिरसा जिले के शक्कर मंदोरी गांव में जलने से कविता और उसकी दो वर्षीय बेटी की मौत के मामले में मायके पक्ष ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। हिसार के रावलवास खुर्द निवासी परिजन सिरसा एसपी से मिलने पहुंचे। एसपी से मुलाकात नहीं होने पर उन्होंने एएसपी को उनके नाम शिकायत सौंपी और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।

परिजनों का कहना है कि मामले में अभी तक कविता के पति संदीप को ही गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कविता की सास, ससुर और ननंद की भूमिका की जांच कर उन्हें भी गिरफ्तार करने की मांग की। मायके पक्ष का आरोप है कि कविता को ससुराल में मानसिक और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ता था।

शिकायत के अनुसार, कविता ने परिवार को बताया था कि उस पर एक धार्मिक संस्था की गतिविधियों और कार्यक्रमों में शामिल होने का दबाव बनाया जाता था, जबकि वह इसमें भाग नहीं लेना चाहती थी। भाई सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसे घर पर अकेला छोड़कर लंबे समय के लिए संस्था के विभिन्न केंद्रों पर चले जाते थे। उन्होंने कविता के बनाए भोजन को स्वीकार नहीं करने और अनुचित व्यवहार के आरोप भी लगाए।

परिजनों ने बच्ची को संस्था को सौंपने और कविता पर दूसरा बच्चा नहीं करने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में इन परिस्थितियों से कविता के परेशान रहने की बात कही गई है।

मायके पक्ष के मुताबिक, कविता से बार-बार पैसे लाने को कहा जाता था। परिवार ने अलग-अलग समय पर दस हजार से लेकर एक लाख रुपए से अधिक तक दिए। उनका आरोप है कि कुछ समय बाद फिर रकम की मांग शुरू हो जाती थी।

नाथुसरी थाना पुलिस आरोपी पति संदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। परिजन अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। बीस सितंबर को घर के पीछे बने कमरे में आग लगने से 32 वर्षीय कविता की मौके पर मौत हुई थी। उसकी बेटी ने बाद में हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।

Loading