हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, शहरी बुनियादी ढांचे और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में सड़क, सीवरेज, पेयजल, यातायात प्रबंधन, शहरी विकास और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही गुरुग्राम में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
प्रशासनिक अधिकारियों से प्रदूषण नियंत्रण उपायों, निर्माण कार्यों की स्थिति, धूल नियंत्रण और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की रिपोर्ट भी ली जाएगी। मुख्यमंत्री आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर देंगे।
इसके अलावा कल मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। बैठक में आम नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। गुरुग्राम दौरे को इसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
![]()











