पानीपत में सड़क पर बिखरे दानों से फिसली बाइक, पीछे से आई कार की टक्कर से युवक की मौत

3
Panipat

पानीपत में एनएच-44 पर पर्ल ढाबे के पास शनिवार देर शाम सड़क पर बिखरे दानों से एक बाइक फिसल गई। बाइक सवार दो भाई सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आई कार की चपेट में आने से बाइक चला रहे 24 वर्षीय विष्णु की मौत हो गई, जबकि उनका भाई राजेश घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से चला गया। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विष्णु समालखा के वार्ड नंबर 13 के रहने वाले थे। वह अविवाहित थे और पानीपत में बजाज फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। शनिवार शाम वह अपने बड़े भाई राजेश के साथ बाइक पर पानीपत की ओर आ रहे थे। बाइक विष्णु चला रहे थे।

परिजनों के अनुसार, पर्ल ढाबे के पास सड़क पर मूंगफली और राजमा जैसे दाने बिखरे हुए थे। बाइक इनके ऊपर से गुजरी तो फिसल गई और दोनों भाई सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रही कार ने विष्णु को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राजेश को भी चोटें आईं।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उनकी मदद से विष्णु को पानीपत के पार्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार चालक मौके पर नहीं रुका। उसकी और कार की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई। विष्णु का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क पर दाने कैसे बिखरे और हादसे में शामिल कार कौन-सी थी।

Loading