सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और प्रदेश की जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। लोगों के हितों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़नी होगी। दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक पुराने चुनावी भाषण का हवाला देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में स्थानीय युवाओं की बजाय बाहर के लोगों को सरकारी नौकरियों में अवसर दिए जा रहे हैं। हुड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हरियाणा को विकास के मामले में अग्रणी राज्यों में गिना जाता था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरियां दी गईं, किसानों के हित में नीतियां बनाई गईं तथा किसानों के करीब 1600 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए गए। उन्होंने गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट देने सहित कई योजनाओं का भी उल्लेख किया। कांग्रेस सांसद ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता की बजाय उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश के बड़े आयोजन गुजरात में आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बुलेट ट्रेन, क्रिकेट से जुड़े आयोजनों और कॉमनवेल्थ गेम्स का जिक्र करते हुए सरकार पर क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठाए। इनेलो पर कटाक्ष करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो नेता उन क्षेत्रों में सभाएं कर रहे हैं जहां कांग्रेस का जनाधार रहा है, जबकि उनका दावा भाजपा के खिलाफ संघर्ष करने का है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी राजनीतिक लड़ाई संगठन की मजबूती और एकजुटता के साथ लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पिछले चुनाव में एक बार नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन अब कार्यकर्ताओं को मिलकर संगठन को मजबूत करना होगा। सम्मेलन में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, सांसद जयप्रकाश, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, जिला अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर, जिला सचिव निरवेल सिंह, सफीदों ब्लॉक अध्यक्ष रणबीर भुसलाना, पिल्लूखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम कुंडू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल शर्मा, नरेश जांगड़ा और संजीव मुआना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
![]()











