सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों में हुए नुक्कड़ नाटक

3
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को उपमंडल सफीदों के गांव कारखाना व पाजू कलां के राजकीय विद्यालय और गांव रामपुरा में नुक्कड़ नाटक एवं ड्रामा के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा कला परिषद के कलाकारों ने अपनी प्रभावी एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कलाकारों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किए गए नाटकों में प्रदेश में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, महिला एवं बाल कल्याण तथा सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों को सरल एवं स्थानीय भाषा में प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने कहा कि नुक्कड़ नाटक आमजन तक किसी भी महत्वपूर्ण संदेश को सरल, सहज और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र व्यक्ति इनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।

Loading