पानीपत के डॉक्टर से ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगी, लॉरेंस गैंग के नाम पर 24 घंटे की धमकी

2
Panipat News

पानीपत में असंध रोड स्थित सुनील मेमोरियल अस्पताल के संचालक डॉक्टर संजय सैन से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पैसे देने के लिए 24 घंटे का समय दिया। डॉक्टर के मुताबिक, धमकी देने वाले ने उनकी पूरी रेकी किए जाने का भी दावा किया है।

डॉक्टर संजय सैन ने बताया कि बुधवार दोप र हर करीब 12 बजे उनके वॉट्सएप पर धमकी भरा वॉयस मैसेज आया। इसमें एक करोड़ रुपए तैयार रखने और मांग पूरी नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।

जानकारी के अनुसार, डॉक्टर को अज्ञात नंबर से फोन भी किया गया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि डॉक्टर की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उसने पैसे नहीं देने या पुलिस के पास जाने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। हालांकि, धमकी देने वाले का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टरों के संगठन और स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। अस्पताल संचालक को इतनी बड़ी रकम की रंगदारी और जान से मारने की धमकी मिलने से चिकित्सा जगत तथा कारोबारियों में भी चिंता बढ़ी है।

मॉडल टाउन थाना प्रभारी एसआई जगमहेंद्र ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना मिल गई है। उन्होंने कहा कि वह कोर्ट से निकलकर सीधे मौके पर जाएंगे और जानकारी लेने के बाद स्थिति स्पष्ट कर पाएंगे।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल और सीआईए की टीमें धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए नंबर का पता लगाने तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हैं। जांच में फोन कॉल और वॉट्सएप वॉयस मैसेज से जुड़ी जानकारी की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, डॉक्टर की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान और उसके कथित गैंग संबंध की जांच जारी है।

Loading