रेवाड़ी : जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों के लिए अब शिक्षकों और आमजन को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सेक्टर-4 में नया ‘शिक्षा सदन’ शुरू किया गया है, जहां जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों को एक ही परिसर में शिफ्ट किया गया है। इससे विभागीय कार्यों के लिए आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इससे पहले शिक्षा विभाग के अलग-अलग कार्यालय विभिन्न स्थानों पर संचालित हो रहे थे। इसके कारण शिक्षकों और अन्य लोगों को अलग-अलग काम के लिए कई जगह जाना पड़ता था। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पर्याप्त स्थान तथा बेहतर कार्य वातावरण की कमी का सामना करना पड़ रहा था।
बड़ा तालाब क्षेत्र में स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में बताया जा रहा था। कार्यालय के बाहर डंपिंग यार्ड होने के कारण भी कर्मचारियों और यहां आने वाले लोगों को परेशानी होती थी। दूसरी ओर सेक्टर-4 में एक स्कूल की इमारत काफी समय से खाली पड़ी थी। देखरेख नहीं होने के कारण परिसर में गंदगी और झाड़ियां फैल गई थीं तथा भवन का उपयोग नहीं हो पा रहा था।
मामला रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के संज्ञान में आने के बाद सेक्टर-4 की खाली इमारत को शिक्षा विभाग के कार्यालयों के लिए इस्तेमाल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। विधायक के मुताबिक उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष मामला रखा, जिसके बाद इमारत को ‘शिक्षा सदन’ के रूप में विकसित करने की मंजूरी मिली।
इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परिसर को उपयोग के योग्य बनाने की दिशा में काम शुरू किया। भवन और आसपास के क्षेत्र की सफाई कराई गई। कई दिनों तक जेसीबी की मदद से झाड़ियों और जमा गंदगी को हटाया गया। अधिकारियों ने भी अपने स्तर पर आर्थिक सहयोग कर परिसर को बेहतर बनाने में योगदान दिया।
शिक्षा सदन के शुभारंभ के दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भवन की सफाई और जीर्णोद्धार में सहयोग करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग के विभिन्न कार्यालय एक ही परिसर में आने से शिक्षकों और आम लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि बेहतर और स्वच्छ कार्यस्थल मिलने से अधिकारियों व कर्मचारियों को भी अपना काम करने में सुविधा होगी। उन्होंने शिक्षा सदन परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने और नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
लंबे समय से चली आ रही शिक्षा सदन की मांग पूरी होने पर शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने भी खुशी जताई है। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा और स्कूल टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े पदाधिकारियों ने इस पहल का स्वागत किया।
संघ के अध्यक्ष महावीर यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, शिक्षा मंत्री, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया का आभार व्यक्त किया।
नए शिक्षा सदन में कार्यालय शिफ्ट होने से शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्याप्त स्थान, बेहतर बैठने की व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हुआ है। वहीं शिक्षकों और आमजन के लिए भी विभागीय कार्य करवाना आसान होगा। एक ही परिसर में संबंधित कार्यालय होने से समय की बचत के साथ विभागों के बीच समन्वय बेहतर होने की उम्मीद है।
![]()











