सेवा सेतु शिविर में 86 फरियादियों ने रखीं समस्याएं एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने दिए समाधान के निर्देश

2
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव कालवा में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने किया। इस दौरान 86 फरियादियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता की शर्तों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनका मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से पहुंचाना है। ऐसे शिविरों से लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है। एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और पात्रता के अनुसार उनके कार्यों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकारी सेवाओं को आमजन के और करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन कर अपनी पात्रता के अनुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने में अनावश्यक देरी न हो।

Loading