सफीदों में सनसनी, पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के वार्ड नंबर 11 स्थित गीता कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग युवक को विदेशी नंबर से कॉल कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। घटना के सामने आते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया, वहीं पीड़ित परिवार भयभीत है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा साइबर क्राइम टीम विदेशी नंबर की लोकेशन और कॉल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सफीदों पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी गौरव शर्मा सीआईए टीम और साइबर क्राइम यूनिट के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से विस्तार से बातचीत कर हर पहलू को समझने का प्रयास किया और संभावित सुराग जुटाने की कोशिश की। परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उनके घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 11 निवासी राकेश शर्मा ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 जून की शाम करीब छह बजे उनके बेटे के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के जरिए एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने सीधे तौर पर 15 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो अंजाम बेहद गंभीर होगा। इस अचानक आई धमकी से नाबालिग युवक और उसका परिवार पूरी तरह घबरा गया। शिकायत में राकेश शर्मा ने बताया कि कॉल करने वाले ने उन्हें दो दिन का समय दिया था। इसके बाद 9 जून की सुबह करीब 11 बजे फिर उसी अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे उन्होंने नहीं उठाया। इसके तुरंत बाद फोन पर एक मैसेज आया जिसमें दोबारा फिरौती की मांग दोहराई गई। इसके बाद लगातार कई बार कॉल और मैसेज कर परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। मैसेज में लिखी गई भाषा बेहद आपत्तिजनक और डर पैदा करने वाली थी। उसमें कहा गया कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
बाक्स:
क्या लिखा था मैसेज में
मैसेज में लिखा था कि
“जय बलकारी, हा भाई तेरे को बताया था दो दिन का समय है तेरे पास और तू हमको इग्नोर कर रहा है या तो हमारा काम करदे नहीं तो बहुत बुरा होगा। जो तूने सोचा भी नहीं है उसे भी बुरा करेंगे अगर प्यार से मान जाएगा तो फायदे में रहेगा नहीं तो बहुत गलत करेंगे तेरे साथ सोच ले 24 घंटे का समय और दे रहे है तेरे को या तो जो हमने बोला है वो करदे नहीं तो परिवार को भी दुख देखना पड़ेगा। जो ये तू सपोर्टर को बीच में लेके आ रहा वे तो माँग गए माफी जिसके पास जाना है चला जा पुलिस प्रशासन किसी के पीछे भाग ले नहीं छोड़ेंगे, पैसा चाहिए तो देना पड़ेगा नहीं तो छाए तू दिल्ली हो या सफीदों वहां भी मरवा देंगे लास्ट 24 घंटे है तेरे पास। जय बलकारी जय गौ माता की
![]()









