चालक ने कूदकर बचाई जान
सफीदों-जींद रोड पर बड़ा हादसा टला
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों से जींद रोड पर स्थित गांव बुड्ढा खेड़ा के पास गुरुवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हालांकि चालक की सूझबूझ किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल के गांव रत्ताखेड़ा निवासी कार चालक योगेश अपनी गाड़ी से सफीदों की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बुड्ढा खेड़ा के नजदीक पहुंचा, अचानक कार के बोनट से तेज धुआं निकलना शुरू हो गया। शुरुआत में चालक ने इसे मामूली तकनीकी खराबी समझा, लेकिन कुछ ही सेकंड में धुआं बढ़कर घना हो गया और स्थिति गंभीर होती चली गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए योगेश ने बिना समय गंवाए वह कार से बाहर कूद गया। चालक के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम व डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण कार के इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि चालक समय रहते गाड़ी से बाहर नहीं निकलता, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
![]()












