राष्ट्रीय खेल दिवस पर सफीदों में हॉकी का रोमांच आज मॉडल संस्कृति स्कूल में होगी प्रतियोगिता

3
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सफीदों में हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच मिलने जा रहा है। सर्पदमन सुधार एवं खेल समिति सफीदों के तत्वावधान में रविवार, 30 अगस्त को नगर के मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हॉकी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजक समिति के प्रतिनिधि राजू वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस को खेल भावना के साथ मनाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का खेलों से जुड़ना बेहद जरूरी है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि हॉकी भारत की गौरवशाली खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया। उनकी जयंती पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन नई पीढ़ी को उनके जीवन और खेल उपलब्धियों से प्रेरणा देने की दिशा में एक प्रयास है। राजू वर्मा ने कहा कि समिति का उद्देश्य सफीदों क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे लाना और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। उन्होंने क्षेत्र के खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Loading