सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव पाजू खुर्द में खेतों में लगी भीषण आग में करीब 60 किले पराली और 30 ट्राली तुड़ा चारा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही खेतों में आग लगने की सूचना गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और अन्य साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति बिगड़ती देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान विकास ने बताया कि उसने अपने पशुओं के लिए खेत में 60 किले पराली और 30 ट्राली तुड़ा चारा इकट्ठा कर रखा था। यह चारा पूरे साल पशुओं के लिए उपयोग में आने वाला था, लेकिन अचानक लगी आग ने उसकी सारी तैयारी को खत्म कर दिया। विकास के अनुसार, खेत के पास से गुजर रही बिजली विभाग की तारों में हुई स्पार्किंग के कारण चारे में आग लगी। इस हादसे के बाद अब उनके पास पशुओं को खिलाने के लिए चारा भी नहीं बचा है। किसान विकास ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि उन्हें हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपने पशुओं के लिए फिर से चारे की व्यवस्था कर सकें और आर्थिक संकट से उबर सकें।
![]()











