सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सुपर-100 परीक्षा में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय के 13 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेंद्रपाल सिंह ने की। समारोह में सफल विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा उनके अभिभावकों का भी फूलमालाओं से स्वागत किया गया। सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में गगन, गायत्री, हंसिका, नव्या, पलक, पूर्वा रानी, प्रिंस कुमार, पुनीत, रितिका, रिया, रौनक, सावन और तमन्ना शामिल हैं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में छात्रों के प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2023 में जहां 4 विद्यार्थियों ने सुपर-100 में स्थान प्राप्त किया था, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 5 और 2025 में 7 हो गई। प्राचार्य डॉ. योगेंद्रपाल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुपर-100 जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए रणनीतिक तैयारी, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाना है, बल्कि उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करना है। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हर स्तर पर मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप यह शानदार उपलब्धि हासिल हुई है।
![]()











