ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर की नियुक्ति की मांग
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव भुरायण में चौकीदार की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 18 वर्षों से गांव में चौकीदार का पद खाली पड़ा है, जिससे कई जरूरी सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन की अगुवाई करते हुए गुरू गौरखनाथ फाउंडेशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के चौकीदार की मृत्यु करीब 18 साल पहले हो गई थी। इसके बाद से यह पद खाली पड़ा है और आज तक इस पर किसी की नियुक्ति नहीं की गई। उन्होंने कहा कि चौकीदार न होने के कारण गांव में मुनादी, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के अलावा अनेक कार्यों को लेकर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे चंडीगढ़ जाकर मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिले थे। मुख्यमंत्री ने उस दौरान आश्वासन दिया था कि गांव भुरायण सहित प्रदेश के अन्य गांवों में भी चौकीदारों की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद संबंधित विभाग द्वारा वैकेंसी भी निकाली गई थी, जिससे ग्रामीणों में उम्मीद जगी थी कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। उन्होंने बताया कि चौकीदार नियुक्ति से संबंधित फाइल कभी डीसी कार्यालय में तो कभी पिल्लूखेड़ा तहसील और एसडीएम सफीदों कार्यालय के बीच घूमती रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द गांव भुरायण में चौकीदार की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और गांव की प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
![]()











