सेवा संकल्प अभियान लोगों को जनकल्याण से जोड़ने का माध्यम: विजयपाल सिंह नमो सेवा अनकही कहानियां के तहत सफीदों में नुक्कड़ नाटक किए प्रस्तुत

3
Seva Sankalp Abhiyan
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल नमो सेवा अनकही कहानियां के तहत शुक्रवार को सफीदों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को सेवा, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश दिए गए। प्रशासन की ओर से कला एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय महाविद्यालय तथा अग्रसेन चौक पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों ने अपने रचनात्मक अभिनय के माध्यम से विभिन्न सामाजिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा के रोहतक जिला प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में विजयपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सफीदों उपमंडल में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विजयपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक जनकल्याण और जागरूकता से जुड़े संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना जितना आवश्यक है, उतना ही जरूरी नागरिकों को उनकी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें और समाजहित के कार्यों में अपना योगदान दें। इस मौके पर गीता बिटानी, सक्षम भाटिया, सरोज भाटिया, हरीश शर्मा और प्रवीन सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Loading