30 अगस्त तक किए जा सकते हैं नए वोट, संशोधन और नाम विलोपन के लिए आवेदन नोटिस वितरण एवं दावे-आपत्तियों को लेकर बीएलओ को दिया प्रशिक्षण

6
Voter List
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत 35-सफीदों विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सरला मेमोरियल कॉलेज, सफीदों में सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों, अतिरिक्त सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों, सुपरवाइजर्स तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में दावे-आपत्तियों, नोटिस वितरण और मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और बीएलओ को न केवल तकनीकी जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रशिक्षण के दौरान तहसीलदार राजेश गर्ग ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ लागू करना आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस वितरित करें और उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे, ताकि पात्र पाए जाने पर उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत 30 अगस्त तक पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा मतदाता अपने नाम, पते, आयु या अन्य विवरण में संशोधन भी करवा सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति मतदाता सूची से अपना नाम हटवाना चाहता है, तो वह भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है। तहसीलदार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच सुनिश्चित करें और किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम सूची से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला होती है और इसका शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत जरूरी है। इसलिए सभी बीएलओ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ करें। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के लिए दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाया गया है। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्राप्त आवेदनों का समय पर निपटान हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। तहसीलदार राजेश गर्ग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यदि किसी मतदाता को नोटिस प्राप्त हुआ है, तो वह समय रहते आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए। साथ ही जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाएं, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Loading