सफीदों, (एस• के• मित्तल) : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में दर्ज न हों। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि इस अभियान के लिए क्वालीफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके उपरांत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। इसके साथ-साथ मतदान केंद्रों के युक्तिकरण सहित अन्य आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी की जाएंगी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 जून से 14 जून तक संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। इसके उपरांत 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ द्वारा जिले के सभी मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य किया जाएगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन संबंधी कार्य भी 14 जुलाई 2026 तक पूर्ण किए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि नागरिक नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकें। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 18 सितंबर तक किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के उपरांत 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने जिले के सभी निर्वाचन अधिकारियों, संबंधित कर्मचारियों तथा बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस कार्य को पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा सत्यापन के दौरान सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतया शुद्ध एवं अद्यतन तैयार की जा सके।
![]()









