सड़क किनारे बैठे युवक पर बदमाशों का हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

3
Yamunanagar News

यमुनानगर में एक युवक पर हुए हमले का मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों ने मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार युवक सड़क किनारे बैठकर बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान वहां कुछ युवक पहुंचे और अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक पीड़ित की बाजू पकड़कर उसे काबू में करने की कोशिश करता है, जबकि दूसरा युवक उसकी पेंट पकड़कर नीचे खींचता नजर आता है। इसी बीच तीसरा आरोपी लगातार युवक को लातों और मुक्कों से पीटता रहता है।

हमले के दौरान युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उस पर हमला करते रहे। आसपास मौजूद लोग पहले तो स्थिति को समझ नहीं पाए, लेकिन बाद में कुछ लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि हमला किसी पुराने विवाद को लेकर किया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।

Loading