यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के जेधर गांव में खेत से मिले 55 वर्षीय इरफान के शव के मामले में पुलिस पैसों के लेनदेन की भी जांच कर रही है। जगाधरी निवासी इरफान के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले थे। घटनास्थल से करीब 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, शुरुआती परिस्थितियों से हत्या घटनास्थल पर ही किए जाने की आशंका है।
इरफान के बेटे गुलजार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले पिता का पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से पैसों को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की मांग की है। हालांकि परिवार ने किसी पर सीधे हत्या का आरोप नहीं लगाया है।
इरफान के दोस्त राकेश कुमार के अनुसार, मंगलवार को इरफान ने बताया था कि उन्हें किसी व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए लेने हैं। इसी कारण उन्होंने छछरौली में उतरने की बात कही थी। इरफान ने कहा था कि संबंधित व्यक्ति वहीं रकम देने आएगा। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल बंद मिला।
गुलजार का कहना है कि परिवार को यह जानकारी नहीं है कि पिता को डेढ़ लाख रुपए किससे लेने थे। उन्होंने राकेश से भी पूछताछ की मांग की है। रकम देने वाले व्यक्ति की पहचान और इरफान से उसके संबंधों की जानकारी जांच में अहम हो सकती है।
परिजनों के मुताबिक, इरफान मंगलवार सुबह घर से निकले थे। रात तक नहीं लौटने पर उनका फोन बंद मिला। बुधवार सुबह परिवार के मोबाइल पर शव की तस्वीर पहुंची। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल जाकर पहचान की। इरफान ईंट-भट्ठों पर मिट्टी सप्लाई की ठेकेदारी करते थे और काम के सिलसिले में कई लोगों से उनका आर्थिक लेनदेन रहता था।
पुलिस को घटनास्थल पर वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं। इरफान की जेब फटी हुई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इरफान जेधर कैसे पहुंचे और आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थे।
![]()











