मनोहर लाल के जन्मदिन पर आज लगेगा विशाल रक्तदान शिविर 

2
संस्था के संयोजक श्याम स्वामी
संस्था के संयोजक श्याम स्वामी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सामाजिक संस्था सरस्वती सेवा समिति, सफीदों के तत्वाधान में आज 5 मई को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र मंदिर हॉल में आयोजित होगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए संस्था के संयोजक श्याम स्वामी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिविर में रक्तदान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि दाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन योगेश बैरागी शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका चेयरपर्सन अनीता संजय बिट्टा द्वारा की जाएगी। इसके अलावा भी कई गणमान्य अतिथि एवं सामाजिक कार्यकर्ता इस अवसर पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। श्याम स्वामी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान दे सकता है। इसलिए शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेकर रक्तदान करें। उन्होंने यह भी बताया कि रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।

Loading