गुरुग्राम : गोल्फ कोर्स रोड पर लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जांच तेज कर दी है। टीम ने नाइट क्लब की सीसीटीवी फुटेज, पीड़िता के एक्शन कैमरे की रिकॉर्डिंग, आरोपियों की लोकेशन और कार की मूवमेंट से जुड़ी जानकारी जुटाई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी कल्याण बैंसला घटना से पहले अपने चचेरे भाई लवनीश और दो अन्य दोस्तों के साथ एमजी रोड स्थित एमजीएफ मेट्रोपॉलिटन मॉल के ‘दी एम्पायर क्लब’ में गया था। एसआईटी ने क्लब की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर चारों की एंट्री और एग्जिट के समय सहित उनकी गतिविधियों की जांच की है।
पुलिस जांच के अनुसार कल्याण बैंसला ने रात करीब 3:05 बजे क्लब में आयोजित ‘अरेबियन नाइट्स’ इवेंट में प्रवेश किया था। वह अपने साथियों के साथ सुबह तक क्लब में मौजूद रहा। करीब 6:04 बजे चारों क्लब से बाहर निकले। क्लब प्रबंधन के अनुसार सभी ग्राहकों के जाने के बाद करीब 6:15 बजे क्लब बंद कर दिया गया था।
इसके बाद कल्याण बैंसला ने मारुति सियाज कार की ड्राइविंग सीट संभाली, जबकि लवनीश उसके बगल वाली सीट पर बैठा था। कार एमजी रोड से गोल्फ कोर्स रोड की ओर बढ़ी। पुलिस जांच में सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के आसपास कार सवारों और सिया व उसके साथियों के पहली बार आमने-सामने आने की बात सामने आई है।
पीड़िता का आरोप है कि सुबह करीब 6:40 बजे कार सवार युवक उनके करीब आने लगे, कथित तौर पर फब्तियां कसीं और रुकने के इशारे किए। एसआईटी की पूछताछ में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि लवनीश ने कल्याण को बाइक सवार का पीछा करने के लिए उकसाया था। पुलिस इन बयानों और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों का मिलान कर रही है।
आरोप है कि कार ने करीब दो किलोमीटर तक बाइक का पीछा किया। इसके बाद सुबह करीब 7 बजे कार ने सिया की बाइक को साइड से टक्कर मार दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि सीसीटीवी, एक्शन कैमरा फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।
घटना का महत्वपूर्ण हिस्सा पीड़िता के हेलमेट और बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। सिया ने अपनी राइड से जुड़ी फुटेज जांच टीम को सौंप दी है। एसआईटी गोल्फ कोर्स रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के साथ एक्शन कैमरे के वीडियो का भी विश्लेषण कर रही है।
पुलिस ने कार में मौजूद दो अन्य युवकों को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। इसके अलावा कल्याण बैंसला के ब्लड और यूरिन सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। घटना के समय वह नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
एसआईटी ने घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन भी किया है। टीम आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन, कार की सीसीटीवी ट्रैकिंग और घटना के बाद इस्तेमाल किए गए संभावित रास्तों की जांच कर रही है। क्लब में आरोपियों की गतिविधियों और उनके आपसी संबंधों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। क्लब के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।
दी एम्पायर क्लब के पार्टनर सत्या का कहना है कि क्लब के पास सुबह सात बजे तक संचालन का लाइसेंस है। उनके मुताबिक कल्याण बैंसला और उसके साथी सुबह 6:04 बजे क्लब से निकल गए थे और सभी ग्राहकों के जाने के बाद करीब 6:15 बजे क्लब बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को जांच के लिए मांगे गए दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिए गए हैं।
फिलहाल एसआईटी उपलब्ध वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। पीछा करने, उकसाने और जानबूझकर बाइक को टक्कर मारने से जुड़े आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
![]()











