अंडर-14 में हरियाणा चैंपियन बनकर जीता गोल्ड
अंडर-17 में कांस्य पदक पर किया कब्जा
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव खेड़ा खेमावती के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल और गांव का नाम रोशन किया है। कैथल में आयोजित 59वें हरियाणा स्कूल स्टेट टूर्नामेंट में विद्यालय की अंडर-14 सॉफ्टबॉल गर्ल्स टीम ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में छात्राओं ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव व विद्यालय में खुशी का माहौल है। उन्हे फूलों की मालाएं पहनाकर खुली जीत में बैठाकर गांव लाया गया तथा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जोरदार अभिनंदन किया गया। स्कूल स्टाफ, एसएमसी सदस्यों और गांव के गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य जसवीर लाठर ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर विद्यालय का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीम की तैयारी और मार्गदर्शन में पीजीटी रोबिन सिंह तथा डीपीई अनिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर एडवोकेट नरेश कुमार, डॉ. बलजीत सिंह, रामसिंह, पवन कुमार, शमशेर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
![]()











