22 मार्च को मनाया जाएगा स्वामी ओमानन्द सरस्वती का जन्मोत्सव

3
Arya Samaj Safido
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के आर्य समाज मंदिर में आगामी 22 मार्च (रविवार) को स्वामी ओमानन्द सरस्वती का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आर्य समाज के प्रधान यादवेंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार यज्ञ के साथ होगी, जिसमें सभी श्रद्धालु आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर यज्ञ ब्रह्मा एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहकर आचार्य कृष्ण देव हरिद्वार अपने प्रेरणादायक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को वैदिक धर्म, संस्कार और जीवन मूल्यों के बारे में मार्गदर्शन देंगे। वहीं भजनोपदेशक पं. सहदेव बेधड़क बागपत अपने भजनों के माध्यम से कार्यक्रम में भक्ति का वातावरण निर्मित करेंगे। प्रधान यादवेंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पावन अवसर पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और स्वामी ओमानन्द सरस्वती के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ती है और लोगों को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए ऋषि प्रसाद का आयोजन भी किया जाएगा।

Loading