सिंघाना में विवादित जमीन पर निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

12
Singhana village dispute
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव सिंघाना में पंचायत भूमि पर प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण नगर स्थित मिनी सचिवालय पहुंचे और पूर्व सरपंच सुरेंद्र राणा की अगुवाई में तहसीलदार संजय कुमार को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराया गया तो गांव में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो सकती है। इस दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी और कहा कि पंचायत भवन के सामने स्थित खाली प्लॉट पर निर्माण कार्य कराना न केवल अनावश्यक है, बल्कि यह भूमि अत्यंत संवेदनशील और विवादित भी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत विभाग बिना स्थानीय लोगों की सहमति के इस भूमि पर निर्माण कार्य कराने का प्रयास कर रहा है, जिससे गांव में आपसी भाईचारे और शांति व्यवस्था को खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया तो स्थिति बिगड़ सकती है और झगड़ा-फसाद होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पूर्व सरपंच सुरेंद्र राणा ने कहा कि गांव के लोगों की भावनाओं और सुरक्षा को नजरअंदाज करते हुए कोई भी कार्य करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रोका जाए। तहसीलदार संजय कुमार ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Loading