सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों पुलिस ने फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिटी थाना प्रभारी राजकुमार राणा ने बताया कि शिकायत कर्ता प्रवीन निवासी सफीदों ने थाना शहर सफीदों में शिकायत दी कि विनोद निवासी गांव सिल्लाखेड़ी ने अपनी गोल्ड लोन देनदारी को कम ब्याज दर पर फेडबैंक में ट्रांसफर करवाने के नाम पर कंपनी से लगभग 2.99 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऋण राशि उसके बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी गई। इसके बाद उसे पूर्व वित्तीय संस्था से अपने गिरवी रखे स्वर्ण आभूषण छुड़वाकर फेडबैंक के पास गिरवी जमा करवाने थे, लेकिन उसने न तो स्वर्ण आभूषण जमा करवाए और न ही प्राप्त की गई ऋण राशि वापस की। इसके बाद वह लगातार कंपनी और बैंक अधिकारियों को गुमराह करता रहा तथा राशि व स्वर्ण आभूषणों के संबंध में कोई सहयोग नहीं किया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान आरोपी को नोटिस जारी करके जांच में शामिल होने के लिए कहा गया, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ। जिसके बाद आरोपी विनोद निवासी सिल्लाखेड़ी को गिरफ्तार किया गया।
![]()









