पंचकूला: खरीफ सीजन के मद्देनजर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने पंचकूला जिले में उर्वरक, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना और नकली या मानक से कम गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों और गोदामों की जांच की। इस दौरान उर्वरक, बीज और कीटनाशकों के 9 सैंपल लेकर उन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
अधिकारियों ने विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे केवल अधिकृत और प्रमाणित उत्पादों की बिक्री करें तथा सभी आवश्यक रिकॉर्ड और लाइसेंस नियमों के अनुसार अद्यतन रखें। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, बिल और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रयोगशाला जांच में किसी सैंपल में गड़बड़ी या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे बीज, उर्वरक और कीटनाशक केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें तथा खरीदारी का बिल अवश्य लें। यदि किसी उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
![]()











